दीक्षांत समारोह में 34 छात्रों को मिलेगा गोल्ड मेडल
श्रीनगर गढ़वाल
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर-शोरों पर चल रही हैं। रविवार को विवि के चौरास परिसर में टिहरी डीएम मयूर दीक्षित व एसपी नवनीत सिंह ने आगामी आठ नवंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। गढ़वाल विवि के दीक्षांत समारोह में 1300 से अधिक छात्र-छात्राओं को उपाधि मिलेगी। जिसमें अभी तक 320 पीजी व 60 पीएचडी के छात्रों द्वारा पंजीकरण कराया गया है। साथ ही दीक्षांत समारोह में शामिल होने छात्रों को आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इस दौरान छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों को समारोह में प्रवेश के लिये विवि प्रशासन द्वारा पास की सुविधा उपलब्ध होगी। दीक्षांत समारोह के समन्वयक प्रो. वाईपी रैवानी ने बताया कि समारोह के भव्य और दिव्य बनाने को लेकर तैयारियां चल रही है। उन्होंने बताया कि दीक्षांत सामारोह में 1300 से अधिक छात्र-छात्राओं को उपाधि मिलनी है। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर के 380 छात्र-छात्राएं पंजीकरण करा चुके हैं। जबकि 60 पीएचडी के छात्रों ने दीक्षांत समारोह के लिए अपना पंजीकरण करवाया है।उन्होंने बताया कि समारोह में 34 छात्रों को मंच पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जायेगा।साथ ही इस बार दानी-दाताओं के सहयोग से दीक्षांत समारोह में गढ़वाल विवि के तीनों कैम्पस (टिहरी, पौड़ी, श्रीनगर) में सर्वाधिक अंक लाने वाले छात्र को पीतांबर दत्त बर्त्वाल स्मृति गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा।
