एयरपोर्ट पर चोरी करने वाले गैंग से राडो की घड़ी, आईफोन, गहने बरामद


नई दिल्ली

हवाई अड्डा भी चोरों की ‎निगाह से अछूता नहीं है। यही वजह है ‎कि वहां भी चोर सेंधमारी से बाज नहीं आ रहे हैं। पु‎लिस से ‎मिली जानकरी के अनुसार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के आभूषण, पांच देशों की मुद्रा, दो एप्पल एयरपॉड, राडो तथा डी ग्रिसोगोनो कंपनी की कीमती घड़ियां, महंगे चश्मे जैसी तमाम चीजें बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, हरि दर्शन, बलविंदर, प्रवीण कुमार, संजीव कुमार, सुबोध और सतीश कुमार वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह मामला पंजाब की रहने वाली परमजीत कौर द्वारा आईजीआई एयरपोर्ट पर शिकायत दर्ज करवाने के बाद सामने आया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंजाब के तरन तारन की रहने वालीं परमजीत कौर 16 सितंबर को मेलबर्न से दिल्ली पहुंची थीं। उन्हें अमृतसर के लिए ‘कनेक्टिंग फ्लाइट’ लेनी थी। अमृतसर की उड़ान में चढ़ने से पहले जब उन्होंने अपना बैग देखा तो उसका वजन कुछ ज्यादा लगा। इसके बाद उन्होंने बैग खोलकर सामान ठीक किया।
बकौल परमजीत, इस दौरान उनका व्हीलचेयर असिस्टेंट बहुत गौर से उनके सामान को देख रहा था। पुलिस उपायुक्त (आईजीआई एयरपोर्ट) देवेश कुमार महला ने बताया कि जब परमजीत घर पहुंची, तो उन्होंने पाया कि उनके बैग से सोने का सामान और दूसरी ज्वेलरी गायब है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और उस शिफ्ट में काम करने वाले लोडरों से पूछताछ की। जांच के दौरान मनोज कुमार नाम के लोडर के मोबाइल में हरि दर्शन नाम के एक लोडर द्वारा भेजा गया एक वीडियो मिला। जिसमें हरि दर्शन कह रहा है कि ‘यह गहने नकली हैं, इसके लिए किसी को कुछ नहीं मिलेगा।
इसके बाद, मनोज कुमार और हरि दर्शन से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने ज्वेलरी चोरी करने तथा उसे सोनार को बेचने की बात कबूल ली। दोनों अन्य यात्रियों के बैग से भी कई सामान चोरी करने की भी बात स्वीकार की। आरोपियों ने दावा किया कि विभिन्न एयरलाइन के कर्मचारियों ने सामान चोरी करने में उनकी मदद की। बाद में, पुलिस ने इस सिलसिले में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जांच से पता चला कि संबंधित एयरलाइन के कुछ उच्च अधिकारियों की आरोपियों से मिलीभगत थी और उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस के मुताबिक एयरलाइन के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *