राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी पर भड़के कांग्रेसी
नई टिहरी
भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर कांग्रेस वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने से भड़के कांग्रेसियों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा का पुतला आग के हवाले करते हुए घटना पर कड़ा रोष जताया है। भाजपा ट्विटर हैंडल से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बौराड़ी साईं चौक पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि, भाजपा के पास विकास का और जनहित का कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए देश में आम चुनाव नजदीक आते जनमानस का ध्यान भटकने के लिए भाजपा भाजपा के लोग अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं। नगर अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि, जिस दिन भारतीय जनता पार्टी की सच्चाई देश की आम जनता के सामने आएगी भाजपा का उसी दिन पतन होना शुरू हो जाएगा, क्योंकि भाजपा के पास विकास का कोई रोड मैप नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय लोगों से झूठे वादे करके भाजपा सरकार में आई है, लेकिन वह अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी है। आज महंगाई सातवें आसमान पर है, भाजपा का अपना खजाना खूब भर रहा है लेकिन लोग दर-दर के ठोकरे खा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में महिला जिलाध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, मीना शाह, पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल, प्रदेश सचिव सैयद मुसरफ अली, मानसिंह रौतेला, विजयपाल सिंह रावत, आनंद सिंह मंदरवाल, निहाल सिंह नेगी, लखबीर सिंह चौहान, बलवीर कोहली, नवीन सेमवाल, गबर सिंह रावत, विजेंद्र सिंह रावत, नफीस खान, शैलेंद्रकांत, संतोष आर्या आदि मौजूद रहे।
