प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का होगा उच्चीकरण


ऋषिकेश।छिद्दरवाला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। इसमें लगभग तीस बेड की सुविधा होगी। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अवर अभियंता ने छिद्दरवाला में पंचायत भूमि का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के जेई प्रदीप चंद्र ने कहा कि पंचायत भूमि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपयुक्त है। ग्रामीणों की मांग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत किया जाएगा। ग्राम प्रधान कमलदीप कौर ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ग्राम पंचायत की भूमि पर्याप्त है। पूर्व में हाईवे चौड़ीकरण के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का कुछ हिस्सा टूट गया था। इससे स्वास्थ्य सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। केंद्र के उच्चीकरण से स्थानीय जनता को शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ने स्वास्थ्य विभाग को दो बीघा भूमि ट्रांसफर कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग की थी। स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण से ग्रामीण क्षेत्र छिद्दरवाला, साहबनगर, जोगीवाला माफी, चकजोगीवाला, लालतप्पड खैरी कला, खैरी खुर्द गढीमचयक, श्यामपुर, खदरी, भट्टोवाला, गुमानीवाला आदि ग्राम पंचायतों के डेढ़ लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। निरीक्षण के दौरान प्राथिमक स्वास्थ्य केन्द्र से हेमा पन्त, जोगीवाला माफी के प्रधान सोबन कैंतुरा, उपप्रधान हरीश पैन्यूली, चमन पोखरियाल, समाजसेवी बलिवन्दर सिह, चन्द्रमोहन सेमवाल, समा पंवार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *