ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर की तीसरी खेप पहुंची परमार्थ निकेतन
ऋषिकेश
परमार्थ निकेतन में आक्सीजन कॉन्सेन्ट्रेटर की तीसरी खेप पंहुची। कोरोना वायरस के दूसरी लहर के प्रकोप और नए डेल्टा प्लस वेरियंट के खतरे को देखते हुये आक्सीजन कॉन्सेन्ट्रेटर व जीवन रक्षक दवाइयों की तीसरी खेप परमार्थ निकेतन आश्रम लाई गई है। इन्हें यमकेश्वर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और जरूरतमंदों को वितरित किया जाएगा। रविवार को परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज ने कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण जनजीवन अत्यधिक प्रभावित हुआ है। अब तीसरी लहर के कयास लगाये जा रहे हैं। कुछ राज्यों में नये डेल्टा प्लस वेरियंट के मामले देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में हम सभी को मिलकर देश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक दुरस्त करने हेतु प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि आश्रम में पहुंची आक्सीजन कान्सन्ट्रेटर व जीवन रक्षक दवाइयों की तीसरी खेप अन्तर्गत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र यमकेश्वर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र किमसार, लक्ष्मण झूला, द्वियूली, भरपूर बनचूरी, हीराखाल और भृगुखाल चिकित्सालयों तक पहुंचाई जाएगी।
