कलियासौड़ के गांवों को विडोलस्यूं पंपिंग योजना से जोड़ें
पौड़ी। ग्राम पंचायत कलियासौड़ के ग्रामो को विडोलस्यूं पंम्पिंग योजना में सम्मिलित कर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। ग्राम प्रधान ने डीएम को ज्ञापन देकर जल्द ही ग्राम पंचायत कलियासौड़ के ग्रामो को विडोलस्यूं पंम्पिंग योजना में सम्मिलित करने की मांग की है। डीएम को दिए गए ज्ञापन में ग्राम प्रधान सावित्री देवी, जगदंबा प्रसाद पांडेय, आशा देवी ने सोमवार को डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कलियासौड़ के ग्राम ढामक में विडोलस्यू पम्पिंग योजना का निर्माण कार्य अधिशासी अभियंता पेयजल निर्माण शाखा श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है और ग्राम सभा के खेत, भूमि से पेयजल पाईप बिछाई जा रही है लेकिन इस योजना से हमारी ग्राम सभा के राजस्व ग्रामों को सम्मिलित नहीं किया गया है। कहा कि वर्तमान में ग्राम पंचायतों के ग्रामो को जल जीवन मिशन से जो पेयजल आपूर्ति की जा रही है वह ग्रामीणों के लिए पर्याप्त नहीं है। पानी सुचारू रूप से नहीं आ रहा है और वर्तमान में जगह-जगह से पाईप लाइन छतिग्रस्त हो चुके हैं। जिससे पर्यटक स्थल धारीदेवी मन्दिर के दर्शनार्थियों हेतु पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रही है। यदि उक्त दोनों योजना में ग्राम सभा के राजस्व ग्रामों को पेयजल योजना में सम्मिलित नही किया जायेगा तो ग्रामीण अपने ग्राम की सीमा व खेतों से बिडोलस्यू पाईप लाईन नही बिछाने देगी व पंपिंग कार्य स्थल पर धरना देकर उक्त योजना का विरोध करेगी। उन्होंने जल्द ही ग्रामो को विडोलस्यूं पंम्पिंग योजना में सम्मिलित कर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
