सीएम की घोषणा के अनुरुप पर्यावरण मित्रों को नहीं मिल रहा मानदेय


काशीपुर। सीएम की घोषणा के बाद भी पर्यावरण मित्रों को बढ़ा मानदेय नहीं मिल रहा है। आउटसोर्स से भर्ती पर्यावरण मित्रों को निकायों में अलग-अलग मानदेय दिया जा रहा है। उत्तराखंड देवभूमि सफाई महासंघ ने इस बारे में नगरायुक्त को ज्ञापन दिया और इस मुद्दे पर कोर्ट जाने की बात कही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अप्रैल, 2022 में आउटसोर्सिंग के पर्यावरण मित्रों को प्रतिदिन 500 रुपये मानदेय देने की घोषणा की थी। बावजूद इसके आउटसोर्सिंग एजेंसियों के संचालकों पर कर्मचारी शोषण के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। नगर निगम देहरादून में पर्यावरण मित्रों को पुरानी दर 350 रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय मिल रहा है। इसमें से भी 13 प्रतिशत ईपीएफ तथा 3.25 प्रतिशत ईएसआई की कटौती हो रही है। रुड़की में उन्हें 13 हजार, रुद्रपुर में 11 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है। उत्तराखंड देवभूमि सफाई महासंघ के शाखा सचिव राजीव कुमार मंझारिया का कहना है कि काशीपुर नगर निगम में आउटसोर्सिंग के 130 कर्मचारी हैं। ईपीएफ और ईएसआई में कटौती के बाद उन्हें 8340 रुपये की राशि का भुगतान किया जा रहा है। इस बारे में नगरायुक्त विवेक राय ने बताया कि निगम ने आउटसोर्सिंग ठेकेदार को टेंडर दिया है। मानदेय निर्धारण का मामला ठेकेदार व कर्मियों के बीच का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *