अवैध निर्माणों को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में कायदे कानून को ताक पर रखकर हुए निर्माण पर जल्द कार्रवाई होगी। इसके लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने बिना नक्शा पास कराए किए गए निर्माण को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एमडीडीए का कहना है कि एक सप्ताह बाद नियमानुसार अवैध निर्माण पर गाज गिरनी तय है। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के लगातार कम होते मामले और कोविड कर्फ्यू में सरकारी ढील के बाद सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय फिर से खुलने लगे हैं। शनिवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त सचिव हरवीर सिंह ऋषिलोक कॉलोनी स्थित कार्यालय पहुंचे और अवैध निर्माण पर कार्रवाई के बाबत अधीनस्थों के साथ चर्चा की। सचिव हरवीर सिंह ने बताया कि ऋषिकेश में कोविड संकट के दौरान बिना नक्शा पास कराए बहुमंजिला इमारतें बनाने की शिकायत मिली है। इसके लिए एक टीम गठित कर अवैध निर्माण को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है। अवैध निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान राजनीतिक दबाव भी नहीं सहा जाएगा। ध्वस्तीकरण की जरूरत पड़ी तो भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कायदे कानून को ताक पर रखकर अवैध निर्माण करने वालों को नसीहत दी है कि गलत काम की मानसिकता से बाहर निकलें और सही काम करें। अनाधिकृत निर्माण पर गाज गिरेगी। इसमें किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *