कोटद्वार में भाजपा का नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन


नई टिहरी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में तेजी से फैल रहे डेंगू को रोकने के लिए प्रभावी कदम न उठाने पर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी कर निगम कार्यालय में मेयर का पुतला दहन किया। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्रित हुए। वहां से कार्यकर्ता पुतले को लेकर शहर में घूमे और नगर निगम के खिलाफ नारे लगाते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कोटद्वार में डेंगू ने बहुत तेजी से पांव पसार लिए हैं। आए दिन डेंगू से मौतें हो रही हैं, लेकिन नगर निगम की नींद नहीं खुल रही है। अभी भी कॉगिंग मशीन का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। गंदगी का अंबार पूरे शहर में बना हुआ है, जिसके कारण मच्छरों का प्रकोप बड़ा रहा है। कहा कि डेंगू के कारण ही एक दिन पूर्व नामित पार्षद मालती बिष्ट का देहावसान हुआ, लेकिन महापौर की ओर से उनके लिए कोई संवेदना व्यक्त नहीं की गई। चेतावनी दी कि निगम ने शीघ्र डेंगू की रोकथाम के उपाय नहीं किए तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर आकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन में पंकज भाटिया, मनोज पांथरी, हरि सिंह पुंडीर, उमेश त्रिपाठी, संग्राम सिंह भंडारी, सुनील गोयल, सुमित गर्ग, हरीश खर्कवाल, विवेक अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार, पिंकी खंतवाल, शांतनु रावत और गौरव मिश्रा आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *