गोर्खाली समाज ने किया हरितालिका तीज महोत्सव आयोजित
विकासनगर। नगर पालिका टाउन हॉल में रविवार को गोर्खाली समाज ने हरितालिका तीज महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं ने नेपाली गीतों पर नृत्य कर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान देर शाम तक महिलाएं खूब थिरकीं, उसके बाद भगवान शिव और मां पार्वती की आराधना कर पति के दीर्घायु की कामना की। महोत्सव का उद्घाटन करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि तीज पर्व गोर्खाली समाज की अद्भुत संस्कृति का हिस्सा है, जिसमें ईश्वर की आराधना के साथ ही संस्कृति की अमिट छाप दिखाई देती है। कार्यक्रम की शुरुआत लाल और हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने ‘भातै र खाम्ला जेठो बुढो धानैको, तरकारी खाम्ला गाबा बरि लै, लिन र आए भेट्न आए मेरा दाजै, बिर्साइदिए आमा बरि लै… जैसे पारंपरिक गीत से की। इसके बाद ‘आगँनी को डिल डाल काली कौवै का का, के समाचार ल्यायौ काली कौवै का का…, ‘नदीपारि दिए मेरा बाबैले, तर्न सकिनँ आइनँ बरि लै…, ‘लेक फुल्यो लालीगुराँस, बेसी फुल्यो टोनी बरि लै, जन्मै किन हेपिएको, यो छोरीको जुनी बरि लै… जैसे पारंपरिक गीतों पर नृत्य कर महोत्सव में समां बांध दिया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा, नपा सभासद बिशन राणा, कै. शिव प्रसाद प्रधान, कमला प्रधान, माला शर्मा, गोविंद शर्मा, मीनू शाह, डॉ. नारायण झा, शशि झा, राधा जायसवाल, गंगा गुरुंग, पवित्रा आले, सुरेखा आले, बिंदिया राणा, मुकेश जायसवाल, प्रकाश गुरुंग, सोहन राणा आदि मौजूद रहे।
गीत मल्हार के साथ महिलाएं झूले पर झूलीं
महोत्सव के समापन से पूर्व महिलाओं झूला डालकर सावन के गीत, मल्हार पर माहौल में मस्ती घोल दी। महिलाएं देर शाम तक ‘झुला झूल रही सब सखियां, आई हरयाली तीज आज, राधा संग में झूलें कान्हा झूमें अब तो सारा बाग़…, जैसे कई अन्य सावन के गीतों पर देर तक झूला झूलती रहीं।
अटकफार्म में नेपाली व्यंजनों का लुत्फ लिया
अटकफार्म-तेलपुरा में आयोजित तीज महोत्सव में नेपाली व्यंजन परोसे गए। नेपाली समुदाय के साथ ही अन्य लोगों ने भी महोत्सव में भाग लिया। इस दौरान नेपाली, गढ़वाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मुख्य अतिथि मीना शर्मा, खेमलता नेगी, ग्राम प्रधान सुनीता देवी, बल बहादुर थापा मौजूद रहे।
