बेरीनाग में जाम की समस्या गंभीर हुई
पिथौरागढ़। नगर के मुख्य बाजार में जाम की समस्या गंभीर होते जा रही है। प्रतिदिन जाम के कारण बाजार में खरीदारी को पहुंचे राहगीरों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को नगर में आधे घंटे से अधिक समय तक लगे जाम के कारण वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही। वहीं मुख्य बाजार,पुरानी बाजार,नया बाजार जवाहर चौक रोड पर रूक-रूक कर जाम से लोग दिन भर जूझते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क किया जा रहा है,जिससे आए दिन जाम लग रहा है। लोगों ने कहा कि नगर में पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस न होने से पुलिस बल को जाम हटाने में मशक्कत करनी पड़ रही है।
