गजा में सेवा भारती का बाल संस्कार केंद्र शुरू
नई टिहरी। आरएसएस सेवा भारती का नगर पंचायत गजा में बाल संस्कार केंद्र का शुभारंभ हुआ। बाल संस्कार केंद्र में कक्षा एक से पांच तक के गरीब और अपवंचित छात्रों को निशुल्क शिक्षा दी जाऐगी। नरेन्द्रनगर के गजा नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार में सेवा भारती के प्रांत प्रमुख पवन ने रिबन काटने के साथ दीप प्रज्वलित बाल संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया। कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिभाओं की भरमार है, ऐसे में उन्हें सुसंस्कारित बनाकर देश सेवा के लिए तैयार करना हमारा लक्ष्य है, शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी हैं। आरएसएस विभाग प्रचारक पारस ने कहा कि संघ हमेशा अनुशासन, राष्ट्र और समाज को सर्वोपरी रखकर आगे बढ़ता है। बाल संस्कार केंद्र में कक्षा एक से पांच तक छात्रों को निशुल्क शिक्षा के साथ ही दैनिक जीवन को संस्कारवान बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। बाल संस्कार केंद्र संचालक राजेंद्र सिंह खाती ने कहा कि आपसी समन्वय से केंद्र को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाऐगा। मौके पर विभाग कार्यवाह राकेश बडोनी, खंड प्रचारक मोहित, गजेंद्र खाती, दिनेश खाती, महेशपाल सिंह, गजे सिंह, लखन पाल सिंह, बलवंत सिंह, सीता नेगी, बलवंत गुसाईं, शैलेंद्र चौहान, पुलमा देवी आदि मौजूद थे।
