काश्तकारों को सिंचाई के लिए नहीं मिल रहा पानी
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के काश्तकारों के लिए नहरों में पानी आपूर्ति के लिए मालन नदी पर बना मेन फीडर आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण क्षेत्रीय काश्तकारों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मेन फीडर की मरम्मत की मांग को लेकर मालनी किसान पंचायत से जुड़े किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। मालनी किसान पंचायत से जुड़े किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपदा में मालन नदी पर बना मुख्य फीडर क्षतिग्रस्त हो गया है वहीं नदी के तेज बहाव के कारण सिंचाई नहरों में मलवा भी भर गया है। इस कारण काश्तकारों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। कहा कि बगैर सिंचाई के किसानों की फसल बर्बाद हो जायेगी। इस पर अधिशासी अभिंयता ने काश्तकारों को फीडर व नहरों की शीघ्र मरम्मत करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में पंचायत अध्यक्ष जे पी बहुखंडी, मधुसूदन नेगी, विजय पाल सिंह, चमनलाल, जयानंद, माधवानंद, सुभाष चंद्र और शिवचरण सिंह सहित अन्य किसान शामिल रहे।
