समस्याओं का निस्तारण करने की मांग


कोटद्वार। नरेंद्र भाई मोदी विचार मंच के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कोटद्वार विधान सभा में व्याप्त समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की है। इस संबध में रतनपुर सुखरौ स्थित मंच कार्यालय में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कोटद्वार विधान सभा की कई समस्याओं का निस्तारण अभी तक नहीं हो पाया है। सड़क पर घूम रहा बेसहारा गौ वंश और कूड़े का निस्तारण न होना शहर की बड़ी समस्याओं के रूप में उभरा है। कहा कि सड़क पर घूम रहे बेसहारा गौवंश आम जन के साथ ही यातायात में भी बाधक बन रहे हैं। इसलिए इनको अन्यत्र शिफ्ट किया जाना चाहिए। वहीं आबादी के बीच संचालित हो रहे ट्रचिंग ग्राउंड को भी अन्यत्र शिफ्ट किया जाना आवश्यक है क्योंकि यहां जमा कूड़े की दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि मंच लगातार शहर की समस्याओं को शासन प्रशासन के सम्मुख उठा रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। तय किया गया कि समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए अगले माह तहसील में धरना प्रदर्शन किया जायेगा। बैठक में सी पी डोबरियाल, जी के बड़थ्वाल, अनूप बिष्ट, सुरेश रावत, डी एस बिष्ट, सी एस नेगी, नरेश जदली, राकेश नेगी, संजय सिंह और विनोद कुमार आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *