अगस्त्यमुनि नपं के सौड़ी वार्ड से 3 बच्चे लापता


रुद्रप्रयाग। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के सौड़ी वार्ड से 3 बच्चे रविवार शाम से लापता हो गए हैं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है। मामले में पुलिस ने तत्काल बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। केदारघाटी में लगातार हो रही बारिश से जगह जगह सड़के टूटी हैं और यात्रामार्ग पर भी अतिवृष्टि से नुकसान हुआ है, ऐसे में परिजनों केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रह रहे लोगों से भी बच्चों को ढूंढने में मदद की गुहार लगाई है। रविवार देर शाम सौड़ी गांव के 16 वर्षीय दीपक दुमागा पुत्र दिनेश दुमागा, 14 वर्षीय विपिन सजवाण पुत्र स्व. कमल सिंह सजवाण और 14 वर्षीय कैलाश बोरा पुत्र ममता देवी बोरा कल शाम ट्यूशन के बहाने घर से निकले। उन्हें अंतिम बार तकरीबन 6 बजे सौड़ी बाजार में देखा गया। जिसके बाद से उनका कोई अता पता नहीं है। बताया जा रहा कि ट्यूशन के बहाने स्कूल बैग में कपड़े और कुछ नगदी रखकर तीनों केदारनाथ में मजदूरी करने की मंशा से घर से भागे हैं। बच्चों की गुमशुदगी से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सोमवार को बच्चों की कोई सूचना न मिलने पर थाना अगस्त्यमुनि में परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि रविन्द्र चौहान ने बताया कि परिजनों की सूचना पर रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। मामले में पुलिस ने तत्काल बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा केदारनाथ जाने की आशंका पर गुप्तकाशी, फाटा, सोनप्रयाग पुलिस चौकी को भी सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *