युवाओं का लोक संस्कृति के प्रति जागरूक होना जरूरी: खंडूड़ी
विकासनगर। पछुवादून में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने आई विधान सभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने स्थानीय जनता और महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं द्वारा लोक संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भविष्य के लिए सुखद पहलू करार दिया। हालांकि मीडिया से उन्होंने दूरी बनाए रखी। मूलरूप से रुद्रप्रयाग जनपद स्थित अगस्त्यमुनी ब्लॉक के बेंजी गांव निवासी लोक गायिका मधु बेंजवाल के सेलाकुई स्थित आवास में शनिवार को आयोजित पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए विधानसभा अध्यक्ष अपने पति राजेश भूषण के साथ पहुंची। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों से बड़ी आत्मीयता से बातचीत करने के साथ ही गढ़वाली व्यंजनों का लुत्फ उठाया। बातचीत के दौरान उन्होंने बड़ी सादगी से सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी दी। लोक गायिका मधु बेंजवाल के लोक संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी का अपनी संस्कृति और रीति रिवाजों के प्रति जागरूकता ही पहाड़ों की जीवन शैली और परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़े रखेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने के लिए युवाओं का लोक संस्कृति के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।
