पछुवादून के तीनों निकायों में चुनाव लड़ेगी आप
विकासनगर। आम आदमी पार्टी की बैठक में प्रदेश के राजनैतिक हालातों पर मंथन करने के साथ ही निकाय और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में निकाय चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। शनिवार को भीमावाला स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदेश के राजनैतिक हालातों को देवभूमि के लिए अफसोसजनक करार दिया। आप के संगठन मंत्री गुलफाम अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की राजनीति को तुष्टीकरण की राजनीति बनाने पर तुली हुई है। उत्तराखंड जैसे शांतिप्रिय प्रदेश में धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश की जा रही है। जबकि कांग्रेस की राजनीति में अलग राज्य की मूल अवधारणा अभी तक शामिल नहीं हो पाई है। दोनों ही दल प्रदेश की जनता को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव से पूर्व पूरे प्रदेश की जनता से संवाद कर उसे जागरूक करेगी। शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ ही सुशासन के मुद्दे पर जन संपर्क अभियान चलाकर राय मशविरा किया जाएगा। निकाय चुनावों की तैयारी पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पछुवादून के तीनों निकायों में अध्यक्ष समेत सभासदों के सभी पदों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण कराकर स्वच्छ छवि के कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पछुवादून के निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी छुपा रुस्तम साबित होगी। कहा कि क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने अभी तक विकास कार्य नहीं किए हैं, इस बात को जनता के सामने पुरजोर तरीके से रखा जाएगा। बैठक में जनता के हित में बड़े आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान पार्टी के पूर्व महासचिव विशाल चौधरी, डॉ. शोएब अंसारी, शरद जैन, मुकुल, मनोज चौधरी, खुर्शीद अहमद, सलीम अहमद, शहजाद, शकील, सुंदरलाल, जहीर, गुमान सिंह, मंजू देवी, मीनू पाल, सीमा पाल, राकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
