बारिश के कारण दो मकान हुए ध्वस्त
रुड़की। बारिश के कारण नगर में दो मकान ध्वस्त हो गए जिसमें एक मकान पूरी तरह टूट गया है। परिवारों ने प्रशासन से आकलन के बाद मुआवजा दिए जाने की मांग की है। लगातार हुई बारिश ने लोगों के सामने कई प्रकार की परेशानियां खड़ी की हैं। इसमें कच्चे और पुराने मकानों में रह रहे लोगों के सामने सबसे अधिक परेशानी सामने आई है। नगर के मोहल्ला लालबाड़ा निवासी महिला कमरूनी का मकान बरसात के चलते ध्वस्त हो गया। मकान में रखा सभी सामान उसमें दब चुका है। पीड़ित ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिए जाने की मांग की है। वहीं, नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी मनोज कुमार के मकान के बराबर स्थित एक पुराने मकान का मलबा भरभरा कर उसकी छत पर गिर पड़ा। इससे मनोज की छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
