डॉक्टर से मारपीट में चार और आरोपी गिरफ्तार


चमोली। चमोली जिले के नन्दा नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर के साथ मारपीट के मामले में वांछित चल रहे चार और आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। 10 जुलाई को नन्दानगर घाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. रोहित चौहान के साथ ड्यूटी के दौरान 6 युवकों द्वारा मारपीट, गाली गलौच, जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार डा. रोहित चौहान की तहरीर के आधार पर थाना नन्दानगर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। प्रकरण में त्वरित संज्ञान लेते हुये पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी किये जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिये। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 11 जुलाई को दो आरोपियों को सीएचसी घाट के पास से गिरफ्तार किया था। चिकित्सक पर हमला करने सम्बन्धी प्रकरण में शेष बचे आरोपियों की तलाश में जुटी थाना नन्दानगर पुलिस टीम ने चरण सिंह नेगी उम्र 36, प्रेम सिंह भंडारी उम्र-46 वर्ष, गोविन्द सिंह भंडारी उम्र- 54 वर्ष और प्रदीप सिंह भंडारी उम्र-27 वर्ष निवासी मोख तल्ला नन्दानगर घाट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *