पोस्टमार्टम के बाद गुलदार के शव को जलाया

बागेश्वर। तहसील के बेलंग गधेरे में मिले गुलदार के शव को वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम कराकर उसे जला दिया है। विभाग को शव सड़ी-गली अवस्था मिला था। विभागीय अधिकारी इसे प्राकृतिक मौत मान रहे हैं। गांव में गुलदार के शव मिलने से ग्रामीण जरूर दहशत में हैं। मालूम हो कि कपकोट के अक्षय ने शुक्रवार की शाम वन विभाग को बेलंग गधेरे में गुलदार के शव होने की सूचना दी। सूचना के बाद रात में ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर उसे रेंज कार्यालय ले आई। शनिवार की सुबह पशुपालन विभाग की डॉ. विनीता तथा डॉ. विजय कुमार ने गुलदार के शव का पोस्टमार्टम किया। पीएम के बाद उसके बिसरे को जांच के लिए आरबीआई बरेली भेजा जाएगा। इसके बाद वन विभाग की टीम ने रेंज कार्यालय में उसके शव को जला दिया। रेंजर एनडी पांडेय ने बताया कि मृतक गुलदार सड़ी-गली अवस्था में था। नर गुलदार की उम्र करीब छह साल होगी। उसकी मौत किसी हमले या बीमारी से नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मौत प्राकृतिक लग रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। इधर गांव के पास के गधेरे में गुलदार के शव मिलने से लोग दहशत में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *