बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में दिनभर रहा बंद
रुद्रप्रयाग। बीती रात से हो रही भारी बारिश के चलते बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर मलबा आने के कारण आवाजाही बंद रही। बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ के पास दिनभर बंद रहा जबकि केदारनाथ हाईवे तिलवाड़ा के पास मलबा आने से बंद रहा, जिसे बाद में आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इधर, पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों से मौसम को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। मंगलवार को जनपद में भारी बारिश के चलते जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। रातभर से बदरीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ में मलबा आने से मार्ग बंद हुआ। सुबह कुछ देर मार्ग खोला गया किंतु बाद में फिर मलबा आने से दिनभर आवाजाही बंद रही। वहीं केदारनाथ हाईवे भी तिलवाड़ा के पास बंद रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा दोनों जगहों पर मार्ग खोलने की कार्रवाई शुरू की गई। तिलवाड़ा के पास दोपहर में मार्ग आवाजाही के लिए खोल दिया गया, जबकि सिरोबगड़ में मलबा आने के कारण दिनभर मार्ग बंद रहा। वाहनों की वैकल्पिक मार्ग खांकरा-खेडाखाल और छांतीखाल-डुंगरीपंथ से आवाजाही हुई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि सिरोबगड़ में लगातार पहाड़ी से मलबा गिर रहा है जिस कारण दिनभर मार्ग बंद रहा। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है।
