जनपद में बारिश से 16 सड़कें बंद, कुछ खुली
रुद्रप्रयाग। जनपद में बीती रात से हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। तीनों विकासखंडों में 16 ब्रांच सड़कें बंद हुई है। हालांकि सुबह से ही लोनिवि और पीएमजीएसवाई द्वारा बंद सड़कों को खोलने की कार्रवाई की जा रही है। देर सांय तक करीब आधा दर्जन सड़कें खोल दी गई है। वहीं बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी का जल स्तर भी 5623 मीटर पार कर गया है। जिले की बच्छणस्यू, जखोली, भरदार, रानीगढ़, धनपुर, तल्लानागपुर, बसुकेदार, कालीमठ, मद्महेश्वर आदि क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते 16 सड़कें बंद हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मंगलवार को अनेक स्थानों पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर लोगों ने मीलों पैदल दूरी तय की। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोग परेशान रहे। वहीं अलकनंदा और मंदाकिनी का जल स्तर भी बढ़ गया। आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार अलकनंदा नदी का जल स्तर 623.44 और मंदाकिनी का जल स्तर 622.50 मीटर दर्ज किया गया। इधर, जिला प्रशासन के निर्देशों पर लोनिवि और पीएमजीएसवाई द्वारा बंद सड़कों को खोलने के लिए सुबह से ही जेसीबी को मौके पर भेजा गया। देर सायं तक करीब आधा दर्जन सड़कों के खुलने की जानकारी बताई गई। हालांकि लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कें आवाजाही में परेशानी बनती रही।
