हैरिटेज भवन बनेगा पौड़ी का पुराना कलक्ट्रेट
पौड़ी। शहर के बीचोबींच स्थित पुराना कलक्ट्रेट हैरिटेज भवन के रूप में नजर आएगा। डीएम पौड़ी ने इस पुराने भवन को हैरिटेज भवन के रूप में विकसित करने को लेकर कार्ययोजना बनाई है। जिसको सीएम ने भी हरी झंडी दे दी है। शासन की ओर से इसके लिए 2 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत कर ली गई है। डीएम डा.आशीष चौहान ने बताया कि पुराने कलक्ट्रेट भवन को हैरिटेज भवन के रूप में संरक्षित किये जाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 2 करोड़ की धनराशि की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। बताया कि मंडल मुख्यालय पौड़ी में स्थित बिट्रिश कालीन कलक्ट्रेट भवन को हैरिटेज भवन के रूप में संरक्षित करने के लिए जल्द ही कार्य का प्रारंभ किया जाएगा। इस हैरिटेज भवन में ऐतिहासिक जानकारी के साथ पहाड़ी संस्कृति से जुड़ी जानकारियों का समावेश कर पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाएगी। पुराने कलक्ट्रेट भवन को हैरिटेज भवन के रूप में संरक्षित करने से स्थानीय लोगों के लिए जहां स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे वहीं, पौड़ी आने वाले पर्यटक बिट्रिश कालीन भवन का दीदार करने के साथ ही ऐतिहासिक जानकारी हासिल कर सकेंगे।
डीएम पिछले लंबे समय से इस भवन को हैरिटेज भवन के रूप में विकसित करने को लेकर कार्ययोजना बना रहे थे। अब शासन द्वारा इस भवन के लिए वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद यहां पर जल्द ही हैरिटेज भवन बनने की उम्मीद जगी है। डीएम के इस कदम की शहरवासियों ने भी सराहना की है। शहरवासियों का कहना है कि इससे पर्यटन के साथ ही स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।
