बाहरी लोगों के सत्यापन की कार्रवाई तेज


चमोली। बदरीनाथ में यात्रियों के रजिस्ट्रेशन, कानून व्यवस्था, टोकन सिस्टम और यहां रहे बाहरी लोगों को सत्यापन की कार्रवाई तेज हो गई है। यात्रा मजिस्ट्रेट युक्ता मिश्रा ने पुलिस और पर्यटन विभाग के साथ बदरीनाथ धाम में आयोजित बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिये। कहा कि श्री बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जाये। यहां विभिन्न कार्यों, निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के लगातार सत्यापन की कार्रवाई अमल में लायी जाए। कोतवाली बदरीनाथ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यात्रा मजिस्ट्रेट एसडीएम युक्ता मिश्रा ने कहा कि यात्री रजिस्ट्रेशन सिस्टम तथा टोकन सिस्टम को समुचित रूप से संचालित करने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाये। बैठक में पुलिस से अपेक्षा की गयी कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत महत्वपूर्ण फ्वाइंट पर समग्र पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा व्यापक रूप से सत्यापन अभियान चलाया जाए। बैठक में नगर पंचायत ईओ सुनील पुरोहित, थानाध्यक्ष केसी भट्ट, सहित पर्यटन, पुलिस, होमगार्ड तथा नगर पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे‌।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *