चोरी के मामले में संगठन के पदाधिकारी से पूछताछ


 रुड़की। करीब चालीस लाख की चोरी में रुड़की के एक संगठन का एक पदाधिकारी पुलिस के राडार पर है। आरोपियों के संपर्क में रहने के शक पर पुलिस ने संगठन के पदाधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस बीच पुलिस के पास कई जनप्रतिनिधियों के फोन आए थे। लेकिन पुलिस ने अपनी पूछताछ पूरी होने के बाद ही पदाधिकारियों को छोड़ा। सिविल लाइंस कोतवाली को आकाशदीप कांप्लेक्स निवासी नरेंद्र वर्मा ने बताया था कि पत्नी का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। पत्नी का उपचार देहरादून के अस्पताल में चल रहा है। पत्नी की देखभाल के लिए अस्पताल आना-जाना लगा रहता था। कुछ दिन पहले केयर टेकर ने फोन पर सूचना दी कि घर के दरवाजे खुले हैं और सामान बिखरा है। सूचना मिलने पर घर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर से विदेशी करेंसी, एक अंगूठी डायमंड, पांच लाख रुपये, एक सोने की चेन, चांदी के बर्तन, पत्नी और पुत्री के जेवरात, बैंकॉक और अमेरिका के महंगे गिफ्ट चोरी हुए थे। घर के सीसीटीवी खंगालने पर किरायेदार का पुत्र और एक अन्य युवक की गतिविधि संदिग्ध मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। उपनरीक्षक कर्मवीर सिंह को मामले की जांच सौंपी गई थी। कार्तिक निवासी आकाशदीप कांप्लेक्स समेत दो लोगों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज है। इंस्पेक्टर महेश जोशी का कहना है कि चोरी की जांच जारी है, जिन लोगों की भी भूमिका चोरी करने और मदद करने में होगी उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *