यूपी के इन अफसरों से सीएम योगी बेहद नाराज, नसीहतों के बाद भी नहीं सुधरे, गाज गिरनी तय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हैं। यूपी में जल्द ही इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है। जानकारी के मुताबिक जनसमस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली पर सीएम काफी नाराज हैं। अब नसीहतों और निर्देशों के बावजूद अपनी कार्यशैली में सुधार न लाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास थाना-तहसील से लेकर शासन स्तर तक की रिपोर्ट आयी है। फरियादियों की संतुष्टि ही अफसरों की परफार्मेंस तय करेगी और उसी के आधार पर उनकी ट्रांसफर और पोस्टिंग भी होगी। योगी ने निचले स्तर पर शिकायतों के समाधान में लापरवाही को काफी गंभीरता से लिया है और नाराजगी जाहिर की है। मुख्य सचिव डीएस मिश्रा की तरफ से खराब प्रदर्शन करने वाले अफसरों को पत्र भेजा जा रहा है और ऐसे अफसरों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है।
सीएम दफ्तर ने आईजीआरएस और हेल्पलाइन की रैंकिंग में टॉप टेन अच्छा प्रदर्शन करने वाले और सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले अफसरों की सूची तैयार की है। रैंकिंग में टॉप टेन सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले अफसरों पर गाज गिरने की संभावना है।
