ऋषिकेश का नाम हृषिकेश किया जाए


ऋषिकेश। अखिल भारतीय संत समिति और विरक्त वैष्णव मंडल ने ऋषिकेश का पौराणिक नाम हृषिकेश किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने मांग को लेकर ऋषिकेश मेयर को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को अखिल भारतीय संत समिति और विरक्त वैष्णव मंडल से जुड़े संत दून मार्ग स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने मेयर अनिता ममगाईं को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश धार्मिक नगरी है। पौराणिक काल में इसका नाम हृषिकेश था। स्कंद पुराण में भी हृषिकेश नारायण भरत भगवान का वर्णन अंकित है। कालांतर में हृषिकेश अभ्रंश होकर ऋषिकेश कहलाने लगा। यह इसकी पौराणिक महत्व को भी कम करता है। ऋषिकेश के नए रेलवे स्टेशन का नाम भी योगनगरी कर दिया गया है। इससे संत समाज व नगर वासियों की आस्था और धार्मिक महत्व पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। आज जहां पुराने नामों की शुद्धि की जा रही है, ऐसे में इस त्रुटि को शुद्ध कराकर ऋषिकेश का नाम हृषिकेश किया जाए। यह हृषिकेश नारायण (विष्णु) का नगर है। मौके पर महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज, महामंडलेश्वर वृंदावन दास महाराज, स्वामी गोपालाचार्य महाराज, तुलसी मानस मंदिर के महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, महंत निर्मल दास, महंत छोटन दास, स्वामी अखंडानंन्द सरस्वती, महंत रविंद्र दास, स्वामी आलोक हरि, स्वामी करुणा शरण आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *