सेल्समैन की पिटाई कर 40 हजार रुपये लूटे

रुडक़ी

तीन लोगों ने मुंडाखेड़ा खुर्द स्थित देशी शराब के ठेके में घुसकर सेल्समैन से मारपीट की। मारपीट के बाद 40 हजार की नकदी भी छीन ली। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर नकदी बरामद कर ली। पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) के नूरनगर गांव का विश्वास पुत्र सूरजा लक्सर के मुंडाखेड़ा खुर्द में स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। गुरूवार देर शाम वह ठेके पर मौजूद था। तभी तीन लोग जबरन ठेके में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट से बचने के लिए विश्वास वहां से भाग खड़ा हुआ। बाद में हमलावरों ने ठेके में रखी करीब चालीस हजार रुपये की नकदी भी उठा ली और फरार हो गए। विश्वास ने इसकी सूचना लक्सर कोतवाली को दी। सूचना पर कोतवाली से एसआई यशवीर सिंह नेगी व विनोद भट्ट पुलिसकर्मियों को साथ लेकर ठेके पर पहुंचे। पूरी घटना की जानकारी ली। बाद में पुलिस टीम ने सेल्समैन के बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। थोड़ी ही देर बाद खड़ंजा गांव के तिराहे के पास से टीम ने तीनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 38600 रूपये की नकदी तथा घटना में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि आरोपी काला पुत्र टीटूराम, जॉली पुत्र रणजीत सिंह व सुरेंद्र पुत्र बीरम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *