किमोटा गांव में सड़क बनने की उम्मीद जगी
विकासनगर। कालसी ब्लॉक के किमोटा गांव के लोगों का संघर्ष आखिर रंग ला ही गया। गांव को सड़क से जोड़ने के लिए राजस्व विभाग, वन विभाग और लोनिवि की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर किमोटा मार्ग के लिए जगह चिन्हित कर दी है। लोनिवि का कहना है वन विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद मार्ग निर्माण की आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। किमोटा गांव को सड़क से जोड़ने के लिए एक दशक पहले मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी, लेकिन अब तक मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। जिसके चलते किमोटा गांव के लोग यातायात सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों को पांच किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़कर अथवा हइया-अलसी-कनबुआ मार्ग की अतिरिक्त 15 किमी दूरी बस से तय करने के बाद दो किमी पैदल चलकर गांव तक पहुंचना पड़ता है। बीते सप्ताह ग्रामीणों ने लोनिवि कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। जिस पर लोनिवि ने एक सप्ताह में समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया था। अब लोनिवि, राजस्व विभाग व वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर किमोटा गांव को जाने वाले मार्ग के लिए जमीन चयनित कर दी है। पांच किमी लंबे इस मार्ग के बन जाने किमोटा गांव के लोगों को पैदल नहीं चलना पड़ेगा। बल्कि गांव तक सीधे बस सेवा से पहुंच सकेंगे। लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्युश कुमार ने बताया कि राजस्व व वन विभाग के साथ संयुक्त टीम ने सर्वे कर मार्ग के लिए जगह चिन्हित कर दी है। डीएफओ से रिपोर्ट मिलने के बाद मार्ग निर्माण की आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
