केदारनाथ में फिर हुई बर्फबारी, दिक्कतें बढ़ीं


रुद्रप्रयाग। इस बार मौसम लगातार लोगों की दिक्कतें बढ़ा रहा है। मार्च खत्म हो गया है और फिर भी लगातार बारिश जहां खेती के लिए नुकसानदायक हो रही है वहीं अब, केदारनाथ यात्रा तैयारियों में भी मौसम का यह रूप बाधक बन रहा है। शुक्रवार को केदारनाथ सहित ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जबकि निचले इलाकों में रिमझिम बारिश से ठंडक हो गई है।
बीती सांय से जिले के अनेक स्थानों पर आसमान में बादल छा गए। जबकि शुक्रवार सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। विशेषकर केदारनाथ धाम सहित पैदल मार्ग में बर्फबारी जारी है इससे यात्रा तैयारियों में व्यवधान पैदा हो रहा है। केदारनाथ पैदल मार्ग में फिर से बर्फ जमा हो गई है। जबकि लोनिवि डीडीएमए ने दो बार रास्ता खोल दिया था किंतु विभाग के सामने अब मौसम से लड़ना चुनौती बना है। केदारनाथ में लगातार बर्फबारी हो रही है। जबकि मुख्यालय सहित सम्पूर्ण जिले में रिमझिम बारिश होने से ठंडक होने लगी है। केदारनाथ धाम में यात्रा तैयारियों में जुटे विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही मजदूरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भगवान केदारनाथ धाम के कपाट खुलने में अब एक महीने से भी कम का वक्त रह गया है ऐसे में बर्फबारी और मौसम का यह रूप सरकार, प्रशासन और बीकेटीसी की परेशानियां बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *