चार करोड़ की पेयजल योजना से बुझेगी नौ हजार आबादी की प्यास


विकासनगर। पछुवादून की हिमाचल बॉर्डर से लगी कुल्हाल, मटक माजरी पंचायत और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी टिमली पंचायत में चार करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाली पेयजल योजनाएं नौ हजार बाशिंदों की प्यास बुझाएंगी। इन पेयजल योजनाओं का सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर बुधवार को भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया। विधायक ने बताया कि हर घर नल हर घर जल योजना के तहत कुल्हाल, मटक माजरी पंचायत में 226.83 लाख की लागत से नई पेयजल योजना का निर्माण शुरू किया गया है। इस योजना के पूरा होने पर पांच हजार ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी। जबकि टिमली पंचायत में 200.02 लाख की लागत से बनने वाली पेयजल योजना चार हजार ग्रामीणों की प्यास बुझाएगी। उन्होंने बताया कि सीमांत क्षेत्र की पंचायतों में लंबे समय से पेयजल किल्लत बनी हुई है। टिमली पंचायत की नई पेयजल योजना दर्रारीट चैक पोस्ट पर पेयजल की आपूर्ति करेगी, जिससे इस चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस और वन विभाग कर्मचारियों को पीने के पानी के लिए उत्तर प्रदेश की सीमा में नहीं जाना पड़ेगा। दोनों ही योजनाओं के तहत ओवर हेड टैंक निर्माण, नलकूप निर्माण के साथ ही नई पाइप लाइन बिछाकर प्रत्येक घर में जल संयोजन किया जाएगा। बताया कि सहसपुर क्षेत्र में हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत नई पेयजल योजनाओं का निर्माण वर्ष 2024 तक पूरा कर दिया जाएगा। ग्रामीणों की मुश्किलों को कम करने के लिए नई पेयजल योजना में पशु चराई का निर्माण भी शामिल है, जिससे पालतू पशुओं के लिए गांव में पानी उपलब्ध हो सके। विधायक ने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्धारित समय पर पेयजल योजना के निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जल संस्थान के एसडीओ सूरज, अवर अभियंता बलवीर सजवाण, ग्राम प्रधान मौ. सलीम, मौ. नफीस, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश सैनी, जिला पंचायत सदस्य पूजा रावत, संजय भट्ट, रवि कश्यप, नूर निशा, नाजिर, कासिम, जॉनी, आशाराम, डॉ. संदीप, राजकुमारी फरासी, शिवचरण आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *