माखटी पोखरी में अग्नि सुरक्षा पखवाड़ा मनाया

विकासनगर

चकराता वन प्रभाग की ओर से मंगलवार को माखटी पोखरी में अग्नि सुरक्षा पखवाड़ा मनाया गया। इसके तहत ग्रामीणों को जंगलों को आग से बचाने, वन्य उत्पादों की रक्षा के लिए जागरूक किया गया। वन कर्मियों ने बताया कि जंगलों की आग पर नियंत्रण करने में स्थानीय समुदाय की भूमिका अहम है। वन कर्मी मोहन लाल खत्री ने ग्रामीणों को बताया कि पेड़-पौधे पर्यावरण की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। पेड़ और जंगल हमारे मित्र हैं। पेड़ों पर पक्षियों के घोंसले और घोंसलों में पक्षियों के चहकने से वीरान जीवन में संगीत भर जाता है। हमारे जीवन के लिए शुद्ध हवा आवश्यक है, जो हमें पेड़ों और हरी वनस्पतियों से मिलती है। कहा कि हमारी दुनिया पेड़ -पौधों तथा झाड़ियों के साथ ही जीवित है। जंगल की आग का जैव विविधता पर स्थायी रूप से नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और यह सदाबहार वनों के लिए खास तौर पर खतरनाक है। कहा कि पृथ्वी पर जीवन पेड़ों की वजह से ही मुमकिन है। हमें पेड़ों की महत्वता को समझकर उचित प्रयास करने होंगे। हमारा पूरा जीवन ही पेड़ों का कर्जदार है। उन्होंने बताया कि अक्सर ग्रामीण पालतू मवेशियों के लिए ताजी घास उपलब्ध कराने के लिए जंगलों में आग लगा देते हैं। यह सरासर गलत है। जंलगों की सुरक्षा के लिए स्थानीय समुदायों का जागरूक होना जरूरी है। जंगल की आग पर नियंत्रण और प्रबंधन में स्थानीय समुदाय ही बेहतर मदद कर सकते हैं। इस दौरान ग्राम प्रधान टीकम खन्ना, इनाम, गंभीर सिंह चौहान, महावीर सिंह राणा, चतर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *