जालसाजी कर चायपत्ती बेचने पर मुकदमा


ऋषिकेश। नामी कंपनी टाटा-टी के नाम का लेवल यूज कर नकली चायपत्ती बेचने वाले तीन व्यापारियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की दुकानों से पुलिस ने करीब 43 किलो चायपत्ती भी बरामद की है। न्यायालय में पेश होने के लिए आरोपियों को पुलिस ने 41 सीआरपीसी का नोटिस दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक टाटा-टी कंपनी के कानूनी सलाहकार सुमित कुमार ने शहर में कंपनी के नाम से नकली चायपत्ती बेचने की शिकायत दी। उन्होंने तीन आरोपियों पर शक जताया, तो पुलिस टीम ने कंपनी के अधिकारियों के साथ परशुराम चौक के पास संचालित संबंधित व्यापारियों की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान कंपनी के ब्रांड नेम की पेकिंग में 39 किलो चायपत्ती मिली। इनमें 500, 250, 100 और 50 ग्राम के पैकेट शामिल थे। जबकि, साढ़े चार किलो चायपत्ती खुली मिली।
नामजद तहरीर पर पुलिस ने आरोपी खुराना प्रोविजन स्टोर के संचालक ज्ञान चंद आहुजा, नीलकंठ प्रोविजन स्टोर संचालक विनोद राणा और मनोज प्रोविजन स्टोर के संचालक मनोज गोयल के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और कॉपीराइट ऐक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *