डांस इंडिया डांस में इनाम जीत लौटे आयुष का सम्मान
ऋषिकेश। विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास के छात्र आयुष लोधी ने डांस इंडिया डांस में एक लाख रुपये का इनाम जीता है। शनिवार को मुंबई से लौटे आयुष को विद्यालय में सम्मानित किया गया। शनिवार को आवास विकास स्थित विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विवेकानंद योग सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने कक्षा सात के छात्र आयुष लोधी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आयुष लोधी ने स्टार प्लस पर चलने वाले शो डांस इंडिया डांस में अपनी प्रतिभा दिखाई है। आयुष ने टॉप 20 में जगह बनाने के बाद द्वितीय स्थान प्राप्त किया और एक लाख रुपये का इनाम भी जीता। आयुष ने बताया कि इससे पूर्व वे कई मंचों पर अपने डांस की प्रतिभा दिखा चुके हैं और पुरस्कृत हो चुके हैं। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता राज दुलारी, पिता मुकेश लोधी, डांस टीचर पारुल शर्मा और प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडेय को दिया है। मौके पर सतीश चौहान, करण पाल बिष्ट, नरेंद्र खुराना, वीरेंद्र कंसवाल, आनंदमणि डबराल, मनोरमा, रीना, सुहानी, लक्ष्मी आदि उपस्थित रहे।
