डीएम ने ने किया जोशीमठ आपदा क्षेत्र हेतु राहत सामग्री के पांच ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना
हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने बुधवार को जोशीमठ आपदा क्षेत्र के लिए राहत सामग्री के पांच ट्रकों को हरी झंडी देकर रवाना किया। आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राहत सामग्री की दूसरी खेप जिसमें राशन, कम्बल आदि को पांच ट्रकों के माध्यम से जोशीमठ के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि वे लगातार चमोली जिला प्रशासन के सम्पर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जोशीमठ में जैसी आवश्यकताएं होंगी, उसी अनुसार जिस किसी भी सामग्री की जरूरत होगी, कम से कम समय में भेजी जायेगी। राहत सामग्री के लिये हरिद्वार प्रशासन निरन्तर सक्रिय है। उन्होंने बताया कि जिन पांच ट्रकों के माध्यम से जो सामग्री भेजी जा रही है, उनमें 550 कम्बल, 2550 फूड पैकेट (जिसमें-पांच किलो चावल, पांच किलो आटा, दो किलो दाल, एक लीटर सरसों का तेल, एक किलो नमक, मिर्च, हल्दी, चायपत्ती, चीनी आदि शामिल हैं) प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि वहां जो प्री-फैब्रिकेटेड घर बनाये गये हैं, उनमें जो लोग शिफ्ट होंगे, शुरुआती दौर में उन्हें कोई दिक्कत न हो, इसको देखते हुये ये सामग्री भेजी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन, सचिव एचआरडीए उत्तम सिंह चैहान, रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह, आपदा प्रबन्धन अधिकारी मीरा कैन्तुरा, तहसीलदार रेखा आर्य आदि मौजूद रहे।
