प्रगतिशील किसान के फार्म हाउस से प्रभावित हुए डीएम

रुद्रप्रयाग। जिले के प्रगतिशील किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं गांव गांव का भ्रमण कर रहे हैं। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए जिलाधिकारी ने अगस्त्यमुनि ब्लॉक के टेमरिया का भ्रमण किया। इस दौरान टेमरिया निवासी प्रगतिशील किसान कपिल शर्मा के फार्म हाउस में उनके द्वारा डेयरी एवं उद्यानीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने प्रगतिशील कृषक कपिल शर्मा के फार्म हाउस को देखते हुए उनकी प्रशंसा की। यहां उनके द्वारा डेयरी, पशुपालन, मत्स्य, एवं सब्जी उत्पादन में बेहतर ढंग से किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें बधाई दी और कार्यों की सराहना की। इस मौके पर प्रगतिशील किसान कपिल शर्मा ने कहा कि उनके द्वारा करीब 50 नाली भूमि में सब्जी उत्पादन का कार्य किया जा रहा है जिसमें बंदगोभी, मटर, आलू, प्याज, लहसून आदि एवं पशुपालन में 14-15 पशु भी रखे हैं जिसमें डेयरी का कार्य किया जा रहा है। पाल्ट्री एवं तीन तालाबों में मत्स्य पालन भी किया जा रहा है। साथ ही उनके द्वारा करीब 9 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि सब्जी से करीब 3 से 4 लाख रुपये की वार्षिक आय हासिल कर रहे हैं। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, मत्स्य निरीक्षक संजय बुटोला, तहसीलदार जखोली राम किशोर ध्यानी, वरिष्ठ प्रबंधक दुग्ध श्रवण कुमार शर्मा, पशुपालन विभाग से डा. सतेंद्र सिंह यादव, ग्राम विकास अधिकारी हेमंत त्रिपाठी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी नरेश कुमार कोहली, रोजगार सेवक सीमा बिष्ट आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *