बिजली बिल में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया
ऋषिकेश। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर भाजपा सरकार के खिलाफ हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में बिजली बिल में वृद्धि को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से बिजली बिल में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की। शुक्रवार को कांग्रेस महानगर के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय के नेतृत्व में रेलवे रोड पर कांग्रेस भवन के सामने एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने बिजली की दरें बढ़ाने का विरोध किया और प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि कर दी है। सरकार को आम आदमी की बिल्कुल भी परवाह नहीं है। सलाना वृद्धि के साथ फिक्स्ड चार्ज में दोगुना वृद्धि से आम जनता की कमर टूट चुकी है। भाजपा सरकार बिजली दरों में बढ़ोतरी कर आम नागरिकों की जेब में डाका डाल रही है। तल्ख लहजे में कहा कि भाजपा सरकार बिजली बिलों में नए-नए कर लगाकर अपना खजाना भरने का काम कर रही है। प्रदर्शन में जयेंद्र रमोला, मधु जोशी, उमा ओबेरॉय, प्रवीण जाटव, भारत शर्मा, जयपाल बिट्टू, हरिराम वर्मा, मुकेश वत्स, विक्रम भंडारी, मुकेश जाटव, रूकम पोखरियाल, मनीष जाटव, राजेंद्र कोठारी, हरी नेगी, जतिन जाटव, अशोक शर्मा, सावित्री देवी, इमरान सैफी आदि उपस्थित रहे।
