चायपत्ती, घी, रस और सोन पापड़ी के नमूने लिए

ऋषिकेश। मिलावटी खाद्य वस्तुओं की बिक्री की आशंका में खाद्य सुरक्षा विभाग ने किराना स्टोरों में चेकिंग अभियान चलाया। विभिन्न प्रतिष्ठानों से चायपत्ती, वनस्पति घी, रस और सोन पापड़ी के नमूने लिए। औचक कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति रही। शुक्रवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने वीरभद्र, एम्स रोड पर स्थित किराना स्टोरों पर कार्रवाई। यहां विभिन्न उपभोक्ता वस्तुओं की गुणवत्ता आदि की गहनता से जांच की। पैकेट बंद खाद्य वस्तुओं के उत्पादन और एक्सपाइरी तिथि को देखा। एक्सपाइरी होने पर रस, सोन पापड़ी आदि को मौके पर ही नष्ट कराया। दुकानदार को फटकार भी लगायी। इसके साथ ही हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर आईडीपीएल क्षेत्र में गीता नगर में किराना स्टोरों पर छापेमारी की। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चेकिंग के दौरान मिलावट की आशंका में चायपत्ती, वनस्पति घी, रस और सोहन पापड़ी के सैंपल लिए हैं। सैंपल को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में नमूना फेल होने पर संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बताया कि एक किराना स्टोर खाद्य सुरक्षा विभाग के लाइसेंस के बिना संचालित हो रहा था। उसके संचालक को एक हफ्ते के अंदर लाइसेंस के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करने का निर्देश दिया है। कोताही बरतने पर चालान की कार्रवाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *