कोरोना संक्रमण और डेंगू से बचाव को किया जागरूक
विकासनगर
कोरोना काल से पालिका क्षेत्र में संक्रमण से बचाव में जुटी पालिका टीम ने डेंगू से बचाव को कीटनाशक का छिडक़ाव भी शुरू कर दिया है। मंगलवार को पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा ने छिडक़ाव कार्य का निरीक्षण कर कर्मचारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। मंगलवार सुबह वार्ड एक में चल रहे कीटनाशक छिडक़ाव कार्य का निरीक्षण करने पहुंची पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा ने कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले पूरे क्षेत्र में कीटनाशक का छिडक़ाव किया जाना है। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से मिलकर उन्हें कोरोना संक्रमण और डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने कोरोना से बचने के लिए मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने की अपील की। साथ ही, डेंगू से बचाव को स्वच्छता और घरों के आसपास पानी एकत्र नहीं होने देने की बात भी कही। इस मौके पर सभासद बिशन राणा, सफाई निरीक्षक जितेन्द्र सिंह राय, सुरेन्द्र सिंह तोमर, सुनील टांक, जगमोहन रावत आदि मौजूद रहे।
