डीएम से की अतिवृष्टि प्रभावितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग
विकासनगर। जौनसार बावर क्षेत्र में बीते सप्ताह अतिवृष्टि से हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा दिए जाने की मांग जिलाधिकारी से की गई। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि पूरे क्षेत्र की आर्थिकी का मुख्य स्रोत कृषि है, लेकिन अधिकांश ग्रामीणों के सभी खेत नदी, नालों के उफान पर आने से बह चुके हैं। ज्ञापन सौंपने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे भाजपा नेता प्रताप रावत ने बताया कि अमलावा नदी के उफान पर आने से बमटाड़ क्षेत्र, उत्पाल्टा, साहिया छानी के आसपास के ग्रामीणों की सैकड़ों बीघा जमीन बह गई। कई ग्रामीणों के आवासीय भवन और छानियां ध्वस्त हो गई। खुतनू नदी, डुंगियारा नदी के उफान पर आने से सुजोऊ, मोहना, कंदाड़, इंद्रोली, बुरास्वा, टुंगरोली, रावना के ग्रामीणों को भी भारी नुकसान हुआ है। खेतों के बह जाने से ग्रामीणों के सामने आजीविका का संकट पैदा हो गया। अधिकांश ग्रामीण भूमिहीन हो गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से सभी प्रभावित ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
