बेरोजगार युवाओं ने प्रदर्शन कर जलाया प्रदेश सरकार का पुतला

नई टिहरी। यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले को लेकर नैनबाग क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सरकार का पुतला दहन किया। युवाओं ने कहा कि प्रदेश की सरकारों ने नौकारी के नाम पर बेरोजगार युवाओं को छलने का काम किया है। उन्होंने अब तक हुये भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग की है। सोमवार को नैनबाग बाजार स्थित दिल्ली यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नैनबाग बेरोजगार संगठन से जुड़े युवाओं ने उत्तराखंड अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती में हुये भ्रष्टाचार पर गहरा रोष जताते हुये, प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संगठन के अध्यक्ष महेश तोमर ने कहा उत्तराखंड में चाहे भाजपा की सरकार रही हो चाहे कांग्रेस की हर किसी ने सरकारी रोजगार के नाम पर बेरोजगार युवाओं को छलने का काम किया है। कहा सब कुछ प्रदेश की सत्ता बैठे नेताओं और अफसरों की शह पर होता आ रहा है। जिन लोगों के पास पैसा और सत्ता की पहुंच है उनको नौकारी मिल रही है, और जो युवा नौकरी के लिये दिन रात मेहनत कर रहे हैं, उन्हें नौकरी के नाम पर ठगा जा रहा है। कहा प्रदेश के युवाओं का प्रदेश सरकारों से विश्वास उठ गया है,और युवा निराश और मायूस है। उन्होंने अब तक हुई सभी भर्तियों की केंद्रीय एजेंसियों से निष्पक्ष जांच करने और भर्ती घोटाले में शामिल नेताओं और अफसरों के खिलाफ कठोर कार्यवाही मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में गोविंद रफ्तार, अजीत रावत, प्रवीण चौहान, अंकित रावत, नवीन, रितिक सिंह, सुरेश कैंतुरा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *