बिलकेदार के ग्रामीणों ने किया तहसील का घेराव 

श्रीनगर गढ़वाल।  श्रीनगर तहसील के अंतर्गत बिलकेदार से जनासू तक रेलवे लाइन निर्माण में लगे भारी वाहनों के कारण खस्ताहाल हुई सड़क के निर्माण एवं अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर क्षेत्र के लोगों ने तहसील का घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा जब तक उनकी मांगों का हल नहीं हो जाता है तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। कहा प्रशासन व रेलवे अपने आश्वासन पर खरा नहीं उतर पा रहा है। जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन में महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। सोमवार को जन प्रगतिशील मंच के बैनर तले तहसील में पहुंचे ग्रामीणेां ने जनासू एवं मरगुण तक सड़क एवं नाली निर्माण व स्ट्रीट लगाए लगाए जाने, बिलकेदार गदेरा पर नगर पालिका श्रीनगर द्वारा बनाए गए डंपिंग जोन के चारों ओर बिखरे कूड़े का निस्तारण कराए जाने व पानी की समस्या के समाधान की मांग की। कहा कई बार प्रशासन व कंपनी द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं हो रही है। आठ दिन से चल रहे धरना प्रदर्शन पर भी शासन-प्रशासन उनकी सुध लेने के लिए तैयार नहीं है। जिसके कारण उन्हें तहसील का घेराव करने को विवश होना पड़ रहा है। कहा गत सोमवार को रेलवे की निर्माणदायी कंपनी ने एक सप्ताह के अंदर बिलकेदार से होते हुए जनासू, मरगुण तक 20 स्ट्रीट लाइट लगाए जाने, सड़क पर पड़े गड्ढे भरने का कार्य 23 अगस्त से शुरू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई। मौके पर ग्रामीणों ने तहसीलदार श्रेष्ट गुनसोला को मांग पत्र भी सौंपा। कहा इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें उग्र आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा। इस अवसर पर प्रधान जनासू राजेश्वरी देवी, प्रधान धौलकंडी सुमित्रा देवी, प्रधान नकोट ज्योति, क्षेपंस शांति प्रसाद लिंगवाल, विनोद रावत, विपेंद्र बिष्ट, सोवन सिंह नेगी, बीना देवी, कविता लिंगवाल, सूर्य प्रकाश, सरोजनी देवी, नीरज सेमवाल, सुरेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *