तेलपुर डांडी में सुरक्षा दीवार निर्माण की जांच को पहुंची टीम
विकासनगर। तेलपुर डांडी में सुरक्षा दीवार निर्माण में बरती गई अनियमितता और घटिया गुणवत्ता की शिकायत पर ब्लॉक मुख्यालय से पहुंची टीम ने जांच की। टीम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के निर्माण सामग्री के सैंपल लेने के साथ ही ग्रामीणों से जानकारी ली। टीम में शामिल सदस्यों ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी। विकासनगर ब्लॉक के तेलपुर डांडी में हाल ही में मनरेगा के तहत दस लाख की लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया था। ग्रामीणों ने सुरक्षा दीवार निर्माण के दौरान ही घटिया गुणवत्ता की शिकायत ब्लॉक के अधिकारियों से की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ सुरक्षा के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार के निर्माण के दौरान भारी अनियमितताएं बरती गईं। निर्माण कार्य में बरसाती खाले के पत्थर और बजरी का उपयोग किया गया, जिससे पहली बरसात में ही सुरक्षा दीवार के ध्वस्त होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की ओर से की गई शिकायत पर बुधवार को ब्लॉक की जांच टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा दीवार में लगी निर्माण सामग्री के सैंपल लिए। इसके साथ ही पूरी सुरक्षा दीवार का भौतिक निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायत को देखते हुए टीम के सदस्यों ने उनसे बात की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। जांच टीम में शामिल अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से की गई शिकायत के सभी पहलुओं की जांच रिपोर्ट जल्द उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी। जांच टीम मनरेगा के अवर अभियंता महेंद्र, सहायक खंड विकास अधिकारी पूरण सिंह तयाल, एडीओ युवा कल्याण दिनेश चौहान शामिल रहे।
