हनोल को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा: सतपाल महाराज

विकासनगर। दो दिन के जौनसार बावर दौरे पर आए पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने हनोल महासू मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। इसके साथ की उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बुधवार को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के हनोल में रुके होने की सूचना मिलने पर हिमाचल प्रदेश, उत्तरकाशी, टिहरी जनपद से बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। हालांकि मिलने वाले अधिकांश लोगों में उनके अनुयायी थे। मंत्री महाराज ने अनुयायियों और जनता की बातों को सुना। मंदिर समिति हनोल की बैठक लेते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हनोल समेत पूरे महासू सर्किट के विकास को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। सरकार पुरातत्व विभाग के साथ मिलकर हनोल को नए स्वरूप में विकसित करने का खाका तैयार कर रही है। पांचवें धाम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि धाम की घोषणा करना सरकार का काम नहीं है। यह जनमानस की आस्था के प्रतीक के आधार पर निर्धारित होता है। स्थानीय लोगों ने मंत्री से क्षेत्र की सड़कों की दशा सुधारने की मांग की। कहा कि पूरे जौनसार बावर में कई संपर्क मार्ग जर्जर हाल हैं। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिाकारियों को सभी जर्जर संपर्क मार्गों के सुधारीकरण के निर्देश फोन पर दिए। मंत्री ने बाशिक महासू मंदिर मैंद्रथ, शैडकुड़िया मंदिर रायगी के दर्शन किए। इस दौरान तहसीलदार जितेंद्र सिंह नेगी, मोहन लाल सेमवाल, जीतराम डोभाल, राजेंद्र नौटियाल, शांतिराम डोभाल, नीरज शर्मा, सूरतराम जोशी, माधोराम शर्मा, कृपाल राणा, सुरेश जिनाटा, अनिल चौहान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *