पछुवादून-जौनसार में कोरोना के 158 नए केस
विकासनगर
पिछले एक सप्ताह में पहली बार बुधवार को पछुवादून, जौनसार बावर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दो सौ से कम रहा, जिससे कुछ राहत महसूस हुई। यहां कुल 158 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। हालांकि सहसपुर क्षेत्र में संक्रमितों का आंकड़ा सौ से अधिक रहने के कारण स्वास्थ्य विभाग की चिंता बनी हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विनीता सयाना ने बताया कि बुधवार को सहसपुर ब्लॉक के एक दर्जन से अधिक गांवों से 124 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि इन दिनों गांवों में कोरोना जांच बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही जुखाम, बुखार से संक्रमित लोगों को घर में ही उपचार भी दिया जा रहा है। उप जिला चिकित्सालय की सहायक नोडल अधिकारी रितु जोशी ने बताया कि बुधवार को 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, चकराता में आठ, कालसी में तीन और त्यूणी, साहिया में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखकर कोरोना किट मुहैया करा दी गई हैं।
