जिला क्रिकेट लीग में अनमोल भट्ट ने दो रन देकर झटके छह विकेट
देहरादून। अंडर 19 जिला क्रिकेट लीग में शुक्रवार को कृष्णा अकादमी, नेशनल स्कूल ऑफ क्रिकेट, पुरोहित अकादमी, देव संस्कृति क्लब ने अपने अपने मुकाबले जीत लिए।
मॉम्स रायवाला में लीग मैच में कृष्णा अकादमी ने दीप बौंठियाल अकादमी को 7 विकेट से हराया। पहले खेलते हुए दीप बौंठियाल क्रिकेट अकादमी ने 32.2 ओवर में दस विकेट खोकर 125 रन बनाए। अक्षत कपरुवाण ने 44 रन बनाए। प्रवीण सिंह ने 3, अरुण पांथरी ने 3, शैलेन्द्र चाहर, आदी परमार ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में कृष्णा अकादमी ने 23.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 129 रन बना लिए। आदित्य ध्यानी ने 56 रन बनाए। शिवम ने दो विकेट लिए। तनुश क्रिकेट ग्राउंड में हुए मैच में नेशनल स्कूल ऑफ क्रिकेट ने बारु स्पोर्ट्स क्लब को 66 रन से हराया। पहले खेलते हुए नेशनल स्कूल ने 33 ओवर में 8 विकेट खोकर 211 रन बनाए। उज्जवल ने 48 रन, लिंकोन ने 42, सात्विक ने 30 रन बनाए। हर्षित, प्रणव ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में बारू स्पोर्ट्स 33 ओवर में छह विकेट खोकर 145 रन ही बना सका। देवेश लाम्बा ने 34 रन बनाए। सात्विक ने 2 विकेट लिए। अस्मित अकादमी में हुए मुकाबले में पुरोहित अकादमी ने ईगल अकादमी को 176 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पुरोहित अकादमी ने पहले खेलते हुए 27 ओवर में आठ विकेट पर 218 रन बनाए। जिसमें गौरव जोशी ने 48, राहुल राणा ने 45, अनमोल भट्ट ने 38 रन बनाए। आयुष नेगी ने 3 विकेट लिए। जवाब में ईगल अकादमी 15 ओवर में 42 रन पर ढेर हो गई। अनमोल भट्ट ने 4 ओवर में 2 मेडन व 2 रन देकर छह विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। अभिषेक ने 3 विकेट लिए। देव संस्कृति क्लब ग्राउंड में हुए मुकाबले में देव संस्कृति क्लब ने आयुष स्पोर्ट्स क्लब को 135 रन से हरा दिया। पहले खेलते हुए देव संस्कृति ने 20 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाए। अभिषेक डबराल ने 100 रन बनाए। जवाब में आयुष क्लब 14.1 ओवर में सिर्फ 49 पर ढेर हो गई। नमन ने चार, प्रभात व अभय ने 2-2 विकेट लिए।
