मैंडखाल-गैर सड़क मार्ग की अनियमितताओं की जांच की मांग की
नई टिहरी। पीएमजीएसवाई चंबा व विभाग के ठेकेदारों की मैंडखाल-बंस्यूल-गैर विकोल मोटर मार्ग में की जा रही अनियमतिताओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य बंस्यूल जयवीर रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी इवा श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ज्ञापन में 23 बिंदुओं पर जांच की मांग करते हुए बताया गया है कि मैंडखाल-बंस्यूल-गैर मोटर मार्ग चंबा पीएमजीएसवाई के ठेकेदार के द्वारा बनाया जा रहा है। आरोप है कि डामरीकरण में घटिया सामग्री का प्रयोगकर सरकारी धन का दुरूपयोग किया जा रहा है। पैराफिटों में मिट्टी भरी जा रहा है। जिससे पैराफिट समय से पहले ही टूट गये हैं। इसके अलावा ज्ञापन में निर्माण कार्य से संबंधित अन्य कई समस्याओं को दर्शाया गया है। ज्ञापन देने वालों में रामदयाल, अजय प्रसाद, राम प्रसाद, ईश्वर सिंह आदि शामिल रहे।
