बेस अस्पताल में ड्यूटी के बाद वाहन पार्क करने पर होगी कार्रवाई

पौड़ी। बेस चिकित्सालय परिसर में पार्किंग स्थल पर कई कार्मिकों के साथ ही डॉक्टरों के वाहन लम्बे समय तक खड़े रहते हैं। जिससे बेस चिकित्सालय में पार्किंग की असुविधा बनी रहती है। इसको देखते हुए बेस चिकित्सालय प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए कहा कि ड्यूटी के समय ही कार्मिक व डॉक्टर वाहन खड़ा करेंगे, ड्यूटी के बाद बेस अस्पताल के पार्किंग स्थल में वाहन खड़ा करना अनुचित है। पूर्व में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत द्वारा भी इस संदर्भ में आदेश निर्गत किये गये हैं।
विदित है कि बेस चिकित्सालय में मरीजों के साथ ही अस्पताल के कार्मिकों, संकाय सदस्यों, जूनियर एवं सीनियर डॉक्टरों के वाहन खड़े मिलते हैं। अस्पताल में पार्किंग स्थल बनने के कारण अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों को दिक्कतें उठानी पड़ती है। इसको देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने ड्यूटी के समय ही वाहन पार्किंग की अनुमति दी है। ड्यूटी के बाद परिसर में वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं है, किंतु कतिपय अस्पताल कार्मिकों एवं डॉक्टरों द्वारा एक यहां कई दिनों तक वाहन पार्क किये जाते हैं। जिससे सुरक्षा कर्मियों को वाहन स्वामियों की खोजबीन करनी पड़ती है। इसको देखते हुए मेडिकल कॉलेज के आदेश पर बेस अस्पताल के एमएस डॉ. केपी सिंह ने सभी कार्मिकों एंव डॉक्टरों को निर्देश जारी किये कि ड्यूटी के बाद अन्य समय पर किसी का वाहन पार्क मिला तो प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। साथ ही यदि वाहन को कोई क्षति पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी। वाहन पार्किंग लम्बे समय तक होने के कारण यहां अव्यवस्था बन जाती है। इसको देखते हुए अस्पताल प्रशासन को यह नियमानुसार पाकिंग किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *