लक्ष्मणझूला पुल को फिर से खोलने की मांग उठी
ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला पुल पर फिर से आवाजाही शुरू करने की मांग लगातार उठ रही है। बुधवार को कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से पुल को फिर से खोलने की मांग की। मंत्री ने पुल को दोबारा खोलने के लिए निर्देश दिए हैं। हालांकि देर शाम तक पुल पर आवाजाही बंद रही। स्थानीय व्यापारी दिनभर पुल के खुलने का इंतजार करते नजर आए। बुधवार को नरेंद्रनगर विस के पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत के नेतृत्व में कांग्रेसी योगनगरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बताया की 17 अप्रैल से लक्ष्मणझूला पर लोगों की आवाजाही बंद है। इस वजह से लक्ष्मणझूला क्षेत्र के व्यापारी परेशान हैं। उनका व्यापार बंद पड़ा है। पर्यटकों के ना आने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। देवप्रयाग जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि एक पर्यटक महिला के वीडियो बनाने मात्र से बिना जांच और बिना सर्वे के प्रशासन ने लक्ष्मणझूला पुल को बंद कर दिया। पूर्व प्रधान चैन सिंह बिष्ट ने कहा कि शीघ्र ही लक्ष्मणझूला पुल खोला जाए । चेताया कि पुल न खुला तो व्यापारियों के साथ मिलकर कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी। मौके पर नगर अध्यक्ष महावीर खरोला, योगेश राणा, दिनेश ब्यास, दिनेश सकलानी, पूरण पुंडीर, विजेंद्र राणा, विक्की चौहान, अजय रमोला, दिनेश भट्ट, विनोद सकलानी,चैन सिंह बिष्ट आदि थे।
बजरंग पुल बनने में लगेगा एक साल- लोनिवि के अधिकारियों के मुताबिक लक्ष्मणझूला पुल के पास बन रहे बजरंग पुल को तैयार होने में एक साल का समय लगेगा। जुलाई 2023 तक यह पुल बनेगा। लिहाजा समय अधिक लगने के कारण भी व्यापारी पुराने को ही खोलने को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
