संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रैक्टर चालक की मौत

ऋषिकेश। ढालवाला क्षेत्र में किराये पर रह रहे एक ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रख दिया है। जौनपुर, यूपी से परिजनों के पहुंचने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को होली के दिन कमरे में ट्रैक्टर चालक बेसुध हालत में मिला। ढालवाला में ही रहने वाले उसके एक रिश्तेदार ने कुछ लोगों की सहायता से उसे बेहोशी की हालत में सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त मंजीत (38) पुत्र सूबेदार निवासी गंगा गंज, जिला जौनपुर, उत्तरप्रदेश, हाल निवास ढालवाला, मुनिकीरेती के रूप में करायी। रिश्तेदार विजय राजभर ने बताया कि मंजीत पेशे से ट्रैक्टर चालक था। होली वाले दिन उससे मिलने उसके कमरे में गया था। यहां मंजीत अचेतावस्था में मिला। अस्पताल लाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *